PM मोदी के देर रात वीडियो पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘मिस्टर मोदी, छात्रों का अपमान बंद कीजिए’

PM मोदी के देर रात वीडियो पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘मिस्टर मोदी, छात्रों का अपमान बंद कीजिए’
राहुल गांधी

नई दिल्ली। नीट पेपर लीक विवाद पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देर रात जारी किए गए वीडियो संदेश के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि छात्रों की वास्तविक मांगों पर ध्यान देने के बजाय सरकार उन्हें भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें भी रखीं।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा, “मिस्टर मोदी, हमारे छात्र धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आधी रात को जारी इस बेकार वीडियो से उनकी समझदारी का अपमान मत कीजिए।” उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में छात्रों के साथ न्याय करना चाहती है तो सबसे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद छोड़ना चाहिए।

राहुल गांधी ने रखीं तीन प्रमुख मांगें

राहुल गांधी ने सरकार के सामने तीन मांगें दोहराईं। पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। दूसरी मांग संसद चलो मार्च के दौरान छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वहीं तीसरी मांग यह है कि सरकार छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। इससे पहले भी राहुल गांधी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले में केंद्र सरकार की भूमिका पर सवाल उठा चुके हैं।

फास्ट ट्रैक कोर्ट पर PM मोदी का क्या कहना था?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि पेपर लीक मामलों की त्वरित सुनवाई और दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का मसौदा तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रस्ताव शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा के लिए रखा जाएगा और मंत्रियों के सुझावों के बाद उसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि मानसून सत्र के दूसरे सप्ताह में सरकार संबंधित विधेयक को संसद में लाने और उसे जल्द पारित कराने का प्रयास करेगी, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

युवाओं के नाम किया था संबोधन

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन और पेपर लीक विवाद के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा था कि देश के युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जल्द सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था लागू की जा रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही है।