केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के दम पर होगी जीत हासिल: राघव

केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के दम पर होगी जीत हासिल: राघव
  • सहारनपुर में नामांकन दाखिल करने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा प्रत्याशी राघव लखन पाल शर्मा

सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के सहारनपुर लोकसभा सीट के प्रत्याशी व पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र व उत्तर प्रदेश सरकार का संकल्प जनकल्याण है और विकसित भारत का निर्माण करना ही लक्ष्य है। इसलिए लोकसभा चुनाव में भाजपा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है और वह सहारनपुर लोकसभा सीट पर लगभग ढाई लाख मतों से जीत हासिल करेंगे।

सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी राघव लखन पाल शर्मा आज कलेक्ट्रेट परिसर मंे अपना नामांकन पत्र दाखिल कराने के बाद पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षो के कार्यकाल में जिले मे कितना विकास कार्य हुआ, यह जनता जानती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने जनकल्याण को प्राथमिकता है। कोरोना काल में लोगों को मुफ्त वैक्सीन लगवाने के साथ-साथ फ्री राशन उपलब्ध कराया गया है। केन्द्र व प्रदेश सरकार ने जनता के दुख दर्द को समझने का काम किया है। महिलाओं की आंखों में धुंआ लगता था, उससे बचाने के लिए उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को फ्री गैस सिलेण्डर प्रदान किए गए।

उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास के मूलमंत्र का अनुसरण कर सर्वसमाज के कल्याण का कार्य कर रही है। जिसके दम पर भारतीय जनता पार्टी को अप्रत्याशित सफलता हासिल होगी तथा वे भी लगभग ढाई लाख मतों के अंतर से जीत हासिल करेंगे। वार्ता के दौरान विधायक राजीव गुम्बर, विधायक देवेन्द्र निम, महापौर डॉ.अजय कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.महेन्द्र सैनी, महानगर अध्यक्ष पुनित त्यागी मौजूद रहे।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे