प्रवीण धवल ने समर्थकों संग ग्रहण की रालोद की सदस्यता
- सहारनपुर में रालोद में शामिल होने वालों का स्वागत करते चै. नीरपाल।
सहारनपुर। अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं नागल निवासी प्रवीण धवल ने अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय लोकदल की सदस्यता ग्रहण की।
राष्ट्रीय लोकदल के हकीकत नगर स्थित कैंप कार्यालय पर मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चैधरी नीरपाल सिंह ने प्रवीण धवल का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह दलित समाज के एक प्रमुख नेता हैं और उनके पार्टी में शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल में दलितों, अल्पसंख्यकों एवं सभी वर्गों को सम्मान दिया जाता है, जिसके कारण बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। चैधरी नीरपाल सिंह ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल खेल प्रकोष्ठ द्वारा पूरे प्रदेश में खिलाड़ियों के साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को इसके प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव योगेश प्रताप सिंह गुर्जर एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष शारिक चैधरी ने बताया कि खिलाड़ियों के सम्मान समारोह के बाद अगले माह सहारनपुर में खेल प्रकोष्ठ का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भाग लेंगे। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष रिंकू सोनकर, प्रदीप कुमार, मोनू कुमार, पहल सिंह, नरेंद्र सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
