इन सवालों के घेरे में प्रतीक यादव की मौत, अखिलेश यादव के इस बयान से मिले संकेत, सपा ने भी उठाए सवाल
मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अचानक हुई मौत को लेकर अब तक कई तरह के सवाल उठने लगे हैं. समाजवादी पार्टी ने प्रतीक यादव की मौत को लेकर सवाल उठाए हैं और इस पूरे मामले की जांच की मांग की है. सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि जो व्यक्ति इतनी फिटनेस फ्रीक था उसका अचानक निधन कैसे हो सकता है. उन्होंने सरकार से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की.
इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने भी एक बड़ा बयान दिया, जो चर्चा का विषय बन गया है. अखिलेश यादव का कहना है कि प्रतीक यादव आर्थिक संकट और बिजनेस में नुकसान के चलते दुखी थे. वह बचपन से ही अपनी सेहत का बहुत ख्याल रखते थे. ऐसे में उनकी असामयिक मौत हैरान करने वाली है.
वहीं, सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा, “हमें अभी-अभी सूचना मिली है और दिवंगत आत्मा का श्रद्धांजलि, समाजवादी पार्टी की तरह से ये बात बहुत संदेहास्पद है कि जो व्यक्ति बहुत फिटनेस फ़्रीक है.. जो अपने स्वास्थ्य का इतना ध्यान रखता है, जिसने स्वास्थ्य की देश विदेशों में चर्चा है. अचानक उसकी मौत कैसे हो जाती है. हम सरकार से चाहते हैं कि इसकी उच्चस्तरीय जाँच हो और मौत की सही वजहों का पता लगाया जाए.”
अखिलेश यादव ने भी दिए संकेत
वहीं प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी बयान सामने आया है. अखिलेश यादव उनके निधन की ख़बर सुनते ही लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल पहुंचे, जिसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बात हुए प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया. इसके साथ ही उन्होंने कारोबार में नुकसान को लेकर भी संकेत दिए, जिससे कई तरह के क़यास लग रहे हैं.
सपा मुखिया ने कहा कि “वो हमारे बीच नहीं है बहुत दुख है. बचपन से ही वो स्वास्थ्य के प्रति अपने हेल्थ के प्रति सजग था. वो एक बहुत अच्छा लकड़ा था जो आगे बढ़कर काम करना चाहता था और अपने मेहनत से आगे बढ़ना चाहता है. स्वभाविक है कि जो कानून कहता है और जो परिवार के लोग कहेंगे उस हिसाब से हम लोग बात को मानेंगे.
दो महीने पहले ही मेरी मुलाकात हुई थी उस समय में भी मैने ये कहा कि स्वास्थ्य का ध्यान रखिए और कारोबार को आगे बढ़ाइए. सपा मुखिया ने कहा कि कभी-कभी फ़ाइनेंशियल या कभी-कभी कारोबार में जो नुक़सान हो जाता है उससे लोग बहुत दुखी हो जाते हैं. वो अब हमारे बीच नहीं है जो कानूनी रास्ता हैं वो हम अपनाएंगे.”
