मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आज पहली बैठक करेंगे सीएम योगी, मंत्रियों के विभागों का हो सकता है बंटवारा

मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आज पहली बैठक करेंगे सीएम योगी, मंत्रियों के विभागों का हो सकता है बंटवारा

लखनऊ। रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सभी मंत्रियों की पहली बैठक बुलाई है।

मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग में शाम पांच बजे से होने वाली बैठक वैश्विक परिस्थितियों और प्रशासनिक प्राथमिकताओं के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है कि बुधवार को ही मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी हो सकता है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद योगी ने मंगलवार को खुद के साथ ही मंत्रियों के काफिलों में वाहनों की संख्या आधी करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने ईंधन की खपत घटाने व पीएनजी, मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट आदि के उपयोग पर भी विशेष जोर देने की अपील की है।

सरकारी बैठकें व कान्फ्रेंस भी वर्चुअली करने को कहा है। उम्मीद की जा रही है कि मुख्यमंत्री बैठक में मंत्रियों से भी इनका कड़ाई से पालन करने के निर्देश देंगे। सरकार इसे सादगी, संसाधनों के बेहतर उपयोग और वर्तमान परिस्थितियों में जिम्मेदार प्रशासनिक संदेश के तौर पर देख रही है।

बैठक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रियों को जनता के बीच रहने के साथ ही तेजी से विकास कार्यों को सुनिश्चित करने के निर्देश भी योगी देंगे। गौरतलब है कि अब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री, दो उप मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 60 मंत्री हैं।

Leave a Reply