पुलिस ने किया दोहरे हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी किए गिरफ्तार
- सहारनपुर में पुलिस द्वारा पकड़े गए दोहरे हत्याकांड के आरोपी एवं जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन।
सहारनपुर। थाना मिर्जापुर, बड़गांव, सर्विलांस व स्वाट की संयुक्त टीमों ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक चाकू, एक हथौड़ा, एक पिस्टल 32 बोर व दो कार बरामद कर ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस लाईन सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 28 अप्रैल को रात्रि 12 बजे वादी शहजाद पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम रजापुर थाना मिर्जापुर ने थाने में लिखित तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने एक अज्ञात महिला की चाकुओं से वार कर हत्या करके शव को छिपाने से कासमपुर से जसमौर जाने वाले रजवाहे में रजापुर नौगांवा क्षेत्र के रजवाहे में फेंक दिया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी।
एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सूबेसिंह, सर्विलांस प्रभारी निरी़क्षक संतोष त्यागी, स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज कुमार व थाना प्रभारी बड़गांव उपनिरीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा जारी किए गए पम्पलेट व सोशल मीडिया के माध्यम से 30 अप्रैल को अज्ञात महिला की शिनाख्त राखी पुत्री रामनिवासा निवासी रामपुर खानपुर थाना बड़ौत जिला बागपत के रूप में हुई थी। एसएसपी ने बताया कि मिर्जापुर पुलिस ने आज मामले का खुलासा करते हुए प्रकाश में आए दो शातिर आरोपियों कपिल पुत्र रतन सिंह व सुधारस पुत्र समय सिंह चैहान निवासीगण कस्बा व थाना बागपत जिला बागपत को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे/निशानदेही पर राखी की हत्या में प्रयोग की गई गाड़ी टाटा नैक्सोन यूपी17एबी/6989 व एक लाइसेंसी पिस्टल 32 बोर, एक हथौड़ा, एक चाकू व सुधारस की खून में सनी टीशर्ट, गर्म चादर व 3 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। एसएसपी ने बताया कि दबोचे गए आरोपी सुधारस ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि मृतका राखी और मृतक विक्रांत के बीच जनपद मथुरा स्थित एक प्लाट को लेकर विवाद चल रहा था। कुछ समय पूर्व राखी ने उसके फ्लैट पर एक लड़की के साथ मेरी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी थी और मुझसे 25 लाख रूपए ऐंठ लिए थे। रूपए लेने के बाद राखी मुझे ब्लैक मेल कर रही थी जिसके बदले में मैंने राखी के साथ मिलकर विक्रांत की हत्या कर दी थी। मुझे डर था कि कहीं राखी मुझे विक्रांत की हत्या में ब्लैकमेल न कर दे। इसलिए मैंने अपने साथी कपिल के साथ मिलकर फतेहपुर कलां के जंगल में राखी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया।
