महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर दोहरा चरित्र अपनाया: अरूण सिंह
- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह।
सहारनपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन तय है और भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी। सर्किट हाउस सभागार में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा किए गए हर बड़े फैसले का विपक्ष ने विरोध किया है, चाहे वह जीएसटी हो, ट्रिपल तलाक हो, आधार हो या फिर सीएए। अरुण सिंह ने महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्षी दलों पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जो दल पहले इस बिल का विरोध करते रहे, वही अब महिलाओं के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। उनके मुताबिक भाजपा ही एकमात्र पार्टी है, जिसने अपने संगठन में एक तिहाई पद महिलाओं के लिए आरक्षित किए हैं और लगातार महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, जल जीवन मिशन और मातृत्व लाभ जैसी योजनाओं के जरिए महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। यही वजह है कि देश की महिलाएं भाजपा के साथ खड़ी हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिला आरक्षण को लागू करने में जनगणना और परिसीमन जैसी संवैधानिक प्रक्रियाएं बाधा रही हैं, लेकिन सरकार ने इसे लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।
अरुण सिंह ने जनसंख्या और संसदीय सीटों के असंतुलन का उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ क्षेत्रों में सांसद लाखों अधिक मतदाताओं का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो संविधान की मूल भावना के खिलाफ है। इसलिए परिसीमन के बाद ही आरक्षण को पूरी तरह लागू करना संभव होगा। बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि वहां भाजपा की जीत का असर पूरे देश में दिखेगा और इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा। वार्ता के दौरान जिला प्रभारी वाई पी सिंह, मंत्री जसवंत सिंह सैनी, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, विधायक राजीव गुम्बर, विधायक देवेंद्र निम, विधायक मुकेश चैधरी, पूर्व संसद राघव लखन पाल शर्मा, पूर्व मेयर संजीव वालिया, महिला नूतन शर्मा, डॉ. नीलू राणा, विजय गुप्ता, अल्पना तलवार, सुषमा बजाज, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनुसूचित मोर्चे की क्षेत्रीय मंत्री मोनिका गंगयान, कुसुम अग्रवाल, कंचन धवन, सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।
