पुलिस भर्ती केंद्र छावनी में हुई तब्दील
- सहारनपुर में परीक्षा केंद्र पर मौजूद पुलिस बल।
नागल। सोमवार से पुलिस आरक्षी भर्ती की लिखित परीक्षा को नकल विहीन व पारदर्शी करने के लिए प्रशासन के द्वारा सभी तैयारियों को पूरी करते हुए व्यवस्थाओ को अंतिम रूप दे दिया गया है और शनिवार को सभी परीक्षा केन्द्रों को छावनियों में तब्दील करते हुए दिनभर केंद्रो पर रिहर्सल जारी रही।
एसडीएम सदर सुबोध कुमार ने बताया कि किसी भी चूक से बचने के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों को मुख्यालय से जोड़ा गया है परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए अलग-अलग क्षेत्र में सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। लिखित परीक्षा 8, 9 तथा 10 जून तीन दिन लगातार दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10बजे से आरंभ होकर दोपहर 12 बजे तक संपन्न होगी तथा द्वितीय पाली दो बार 3 बजे से शाम 5 बजे संपन्न हो जाएगी तथा परीक्षार्थी निर्धारित समय के अंतर्गत ही परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश कर सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रथम दिन थाना नागल क्षेत्र के जगदीश प्रसाद इंटर कॉलेज कोटा में-384 एवं रमाबाई राजकीय कन्या कॉलेज कोटा-384 तथा जनता इंटर कॉलेज नागल- 480 परीक्षार्थी पुलिस आरक्षी की परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि रिहर्सल के दौरान सभी परीक्षा केंद्रो के आसपास इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं फोटो स्टेट जैसी दुकानों को परीक्षा के दौरान बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्राधिकारी अभितेष सिंह तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दिनभर परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे।
