सांसद प्रतिनिधि व वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. माजिद को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट

सांसद प्रतिनिधि व वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. माजिद को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
सहारनपुर के बेहट में हाऊस अरेस्ट किए गए कांग्रेस नेता।

बेहट (सहारनपुर)। दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. माजिद को बेहट पुलिस ने उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई, जिसके चलते क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। दरअसल, बुधवार की सुबह डॉ. माजिद दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए अपने आवास से निकलने की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान पुलिस उनके घर पहुंच गई और उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। पुलिस की निगरानी में उन्हें पूरे समय घर के अंदर ही रहने को कहा गया, जिससे वे दिल्ली के लिए रवाना नहीं हो सके। हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद डॉ. माजिद ने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना या लिखित आदेश के उन्हें घर में नजरबंद कर दिया गया, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन में भाग लेना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इस अधिकार से उन्हें वंचित करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

डॉ. माजिद ने कहा कि, लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्वक रखना हर नागरिक का अधिकार है। मुझे घर में नजरबंद कर दिल्ली जाने से रोकना संविधान प्रदत्त अधिकारों का हनन है। कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। किसी भी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई हमें जनता की आवाज उठाने से नहीं रोक सकती। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। यदि विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन से भी रोका जाएगा, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।