नहर में नहाने गई नौ वर्षीय बालिका डूबी, तलाश में जुटी पुलिस व गोताखोर
- 24 घंटे से अधिक का समय गुजरने के बाद भी नहीं लगा सुराग
देवबंद। कोतवाली क्षेत्र के गांव तैय्यबपुर में नहर में नहाने गई अलीना (9) पानी के तेज बहाव में डूब गई। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरु कराई। लेकिन चौबीस घंटे से अधिक का समय गुजरने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
तैय्यबपुर गांव निवासी स्वर्गीय कलीम की नौ वर्षीय बेटी अलीना शुक्रवार की शाम करीब चार बजे अपनी बड़ी बहन इल्मा (12) के साथ गांव से गुजर रही नहर पर नहाने गई थी। नहाने के दौरान अलीना अचानक गहरे पानी में चली गई और देखते ही देखते बहाव में लापता हो गई। बड़ी बहन ने शोर मचाने के साथ घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिवार के लोग और ग्रामीण बड़ी संख्या में नहर किनारे पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु कराया। गोताखोरों की टीम लगातार नहर में बालिका की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बच्ची की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। रुड़की से आ रही नहर का फ्लो भी कम कराया गया है।
