मालवीय नगर हादसे पर पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा

मालवीय नगर हादसे पर पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा

नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग में हुई जनहानि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मालवीय नगर में आग लगने की घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

लोकसभा अध्यक्ष ने भी जताया दुख

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि मालवीय नगर की भीषण अग्नि दुर्घटना में हुई जनहानि बेहद पीड़ादायक है।

उन्होंने हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

राहत और बचाव कार्य जारी

मालवीय नगर में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन, दमकल विभाग और अन्य एजेंसियां राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है, ताकि आग लगने की वजह और सुरक्षा मानकों से जुड़ी संभावित चूक का पता लगाया जा सके।

हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है और विभिन्न राजनीतिक तथा सामाजिक संगठनों की ओर से भी शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

Leave a Reply