‘PM किसी को भी चुन सकते थे, पर…’, राहुल गांधी का प्रह्लाद जोशी पर हमला

‘PM किसी को भी चुन सकते थे, पर…’, राहुल गांधी का प्रह्लाद जोशी पर हमला

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का प्रभार देने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अपने कैबिनेट में से किसी को भी चुन सकते थे, लेकिन उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति को चुना, जो यौन उत्पीड़न के आरोपियों का बचाव करता है.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी को लेकर क्या बोले राहुल गांधी?

संसद के मानसून सत्र के 9वें दिन मंगलवार (28 जुलाई, 2026) को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान वर्तमान शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, ‘देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर हजारों की संख्या में युवाओं ने विरोध प्रदर्शन किए, जिसमें छात्राओं और युवतियों की भारी हिस्सेदारी थी. उन्हें शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बुरी तरह से पीटा गया और अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भारत के शिक्षा मंत्री के रूप में एक ऐसे व्यक्ति को चुना है, जो यौन उत्पीड़न के आरोपियों का बचाव करता है.’

उन्होंने कहा, ‘वो एक ऐसा व्यक्ति है जो यह कहता है कि यौन उत्पीड़न करने वाले लोगों को सुरक्षा की जरूरत है और आज वही भारत का शिक्षा मंत्री बना गया है.’

राहुल गांधी की पीएम मोदी के लिए तीखी टिप्पणी

इस दौरान, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री का यह रवैया बिल्कुल ही अजीब है. उनकी कैबिनेट में इतने सारे लोग हैं, वे उनमें से किसी को भी चुन सकते थे, लेकिन उन्होंने एक ऐसे शख्स को चुना, जो महिलाओं के यौन उत्पीड़न करने वाले आरोपियों को बचाता है. वाकई में यह बिल्कुल ही हैरान करने वाली बात है.’

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी बने शिक्षा मंत्री

नीट परीक्षा पेपर लीक को लेकर युवाओं और छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार (25 जुलाई, 2026) को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को सौंप दिया. इसके बाद, पीएम मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया. इसके साथ ही, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी की सलाह पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया.