शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में एलएंडटी (L&T) कंस्ट्रक्शन का प्लेसमेंट ड्राइव संपन्न, सिविल इंजीनियरिंग के 10 छात्र चयनित
गंगोह : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह में विश्वविद्यालय ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट सेल द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन 22 अप्रैल 2026 बुधवार को एलएंडटी कंस्ट्रक्शन द्वारा डिप्लोमा सिविल इंजीनियरिंग के छात्रों के लिए आयोजित किया गया।
कैंपस प्लेसमेंट की शुरुआत शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के यूनिवर्सिटी ट्रेनिंग एंड डेवलपमेंट सेल के कोर्डिनेटर डॉ. नवीन कुमार ने शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह एवं कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह का आभार व्यक्त करते हुए की। भर्ती प्रक्रिया का संचालन कंपनी के टेक्निकल मैनेजर अरुण माझी ने टेक्निकल असिस्टेंट सचिन कुमार के सहयोग से किया। ड्राइव के दौरान छात्रों का तकनीकी साक्षात्कार लिया गया, जिसमें कुल 10 छात्रों का अंतिम रूप से चयन किया गया। कंपनी के टेक्निकल मैनेजर अरुण माझी ने बताया कि चयनित सभी छात्रों को जॉब पर ऑनबोर्ड करने से पूर्व एलएंडटी कंस्ट्रक्शन साइट, बिजनौर में दो माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के दौरान छात्रों को साइट वर्क, क्वालिटी कंट्रोल और प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन का व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल ने एलएंडटी(L&T) कंस्ट्रक्शन की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों के तकनीकी कौशल को निखारने और उन्हें इंडस्ट्री के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। चयनित छात्रों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय और कंपनी प्रबंधन को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह, कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह एवं सीनियर डायरेक्टर देवेंद्र नारायण ने कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के आयोजकों व सभी छात्रों को शुभकामनाएं प्रेषित की। कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह ने कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक युग में तकनीकी दक्षता, संचार कौशल और सकारात्मक दृष्टिकोण सफलता की कुंजी हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलता है तथा उन्हें अपने कौशल को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने का अवसर प्राप्त होता है।
इस आयोजन में प्लेसमेंट टीम अजय शर्मा, महेंद्र कुमार, अनिल जोशी उपस्थित रहे।
