‘नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं, हम उनकी…’, मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर सपा सांसद का बड़ा बयान
अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर असहमति जताई है. उन्होंने कहा कि भारत का एक गौरवशाली इतिहास है. ऐसे देश के प्रधानमंत्री के बारे में व्यक्तिगत टिप्पणी करने का कोई औचित्य नहीं है.
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “हम उनकी (खरगे) बात से सहमत नहीं हैं. नरेंद्र मोदी हमारे देश के प्रधानमंत्री हैं. भारत का एक गौरवशाली इतिहास है. ऐसे देश के प्रधानमंत्री के बारे में व्यक्तिगत टिप्पणी करने का कोई औचित्य नहीं है.”
अवधेश प्रसाद ने आगे कहा, “यह अलग विषय है कि सरकार की नीतियों और कार्यपद्धति का विरोध कर सकते हैं. लेकिन व्यक्तिगत आक्षेप के लिए लोकतंत्र में कोई जगह नहीं है. लोकतंत्र में कतई भी इसकी छूट नहीं है.”
पप्पू यादव के बयान पर क्या बोले?
उन्होंने बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी. अवधेश प्रसाद ने कहा, “यह उनका निजी विचार हो सकता है. जहां तक महिलाओं के प्रति विचारधारा है, समाजवादी पार्टी भी उस विचारधारा पर चलती है, जहां नारी की पूजा होती है. पप्पू यादव की क्या विचारधारा है, हम इस बहस में नहीं पड़ते हैं.”
महिला आरक्षण पर भी दिया बयान
इसी बीच, समाजवादी पार्टी के सांसद ने महिला आरक्षण विधेयक पर कहा, “यह सरकार का एक राजनीतिक खेल था. नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 में पास हो चुका था. यह सभी की सहमति से पास हुआ था. समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव समेत पूरा विपक्ष महिला विधेयक के पक्ष में है, लेकिन बीजेपी चालाकी से महिला आरक्षण विधेयक की आड़ में जातीय जनगणना और परिसीमन लाकर देश के पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों का हक मारना चाहती थी. यह चतुराई थी, जिसमें बीजेपी को हार मिली.”
उन्होंने फिर से दोहराते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़ा बिल पहले ही पास हो चुका था. इस बार लाया विधेयक सिर्फ एक ड्रामा था. यह बीजेपी का एक राजनीतिक खेल था.
