कंगना रनौत के बयान पर भड़के पप्पू यादव, कार्रवाई की मांग; विपक्ष ने भी साधा निशाना
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद कंगना रनौत के हालिया बयान को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने उनके बयान की कड़ी आलोचना करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कंगना के कथित बयान से युवाओं और विशेषकर नई पीढ़ी का अपमान हुआ है, इसलिए उनकी जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि कंगना रनौत ने पूरी एक पीढ़ी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री युवाओं को देश का भविष्य और मित्र बताते हैं, तो ऐसे बयानों पर भी स्पष्ट रुख सामने आना चाहिए।
आरजेडी ने भी किया हमला
कंगना रनौत के बयान को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका भारती ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की टिप्पणियां करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा नेतृत्व ऐसे बयानों से खुद को अलग करेगा या उनका समर्थन करेगा।
बीजेपी ने किया बचाव
वहीं भाजपा की सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कंगना रनौत का बचाव करते हुए कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने छात्रों और युवाओं को भड़काने का काम किया है और राजनीतिक लाभ के लिए पूरे मुद्दे को तूल दिया जा रहा है।
कंगना रनौत के बयान को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इस मुद्दे पर सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बहस जारी है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गर्मा सकता है।
