TET पेपर लीक पर भड़के ओवैसी, BJP सरकार पर साधा निशाना, पूछा- ‘युवाओं को परेशान करने का जिम्मेदार कौन?’
महाराष्ट्र में होने वाली टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी टीईटी 2026 को टाल दिया गया है. इसकी वजह यहां एग्जाम से पहले ही पेपर लीक हो गया है. अब इस पर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है.
ओवैसी ने पूछा- इस पेपर लीक के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाएगा
उन्होंने कहा कि कितनी गड़बड़ है. बीजेपी के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार, जो भारतीय बंगाली मुसलमानों को बांग्लादेशी बताकर गलत तरीक से अरेस्ट करने में माहिर है, टीईटी पेपर लीक को रोकने में नाकाम रही है. इस पेपर लीक के लिए किसे जिम्मेदारी ठहराया जाएगा? उन्होंने कहा कि यह सरकार की नाकामी है. इसकी वजह से हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़ी क्या जानकारी साझा की है?
न्यूज एजेंसी पीटीआई में छपी खबर के मुताबिक, अधिकारियों ने जानकारी दी है कि महाराष्ट्र में रविवार को होने वाली टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट यानी टीईटी का पेपर टाल दिया गया है. ठाणे जिले के भिवंडी में हुई छापेमारी में कुछ लोगों के पास असली प्रश्न पत्र से मिलते जुलते कई सवाल पाए गए थे. महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि परिषद पूरी पारदर्शिता के साथ परीक्षा आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने कहा कि स्थिति की गंभीरता और गहन जांच होना है, इस वजह से 28 जून 2026 को होने वाली परीक्षा को टाल दिया गया है. इधर, ठाणे जिला प्रशासन ने कहा है कि यह मामला शनिवार तड़के सामने आया है. अब भिवंडी पुलिस ने परीक्षा पत्रों के बारे में अनधिकृत जानकारी रखने वाले लोगों के संबंध में मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई की है.
