“टिकट मिले या नहीं, विधानसभा चुनाव हर हाल में लड़ूंगा”: ठाकुर अनिल सिंह
भाजपा नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति ने टिकट पर ठोकी दावेदारी
एक राज्यमंत्री पर लगाया अहंकारी होने का आरोप
देवबंद: विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। भाजपा नेता एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति ठाकुर अनिल सिंह ने अपने समर्थकों की पंचायत में विधानसभा चुनाव लड़ने का बड़ा ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि वह भाजपा से टिकट के प्रबल दावेदार हैं, लेकिन यदि पार्टी उन्हें टिकट नहीं भी देती है तो भी वह हर हाल में विधानसभा चुनाव मैदान में उतरेंगे।
समर्थकों को संबोधित करते हुए ठाकुर अनिल सिंह ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र की जनता के बीच रहकर जनसेवा कर रहे हैं और जनता के सम्मान तथा विकास के लिए चुनाव लड़ना उनका संकल्प है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता का उन्हें व्यापक समर्थन प्राप्त है।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री पर भी निशाना साधते हुए उन पर अहंकारी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, लेकिन अहंकार की राजनीति जनता स्वीकार नहीं करेगी।
ठाकुर अनिल सिंह के इस ऐलान के बाद क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उनके समर्थकों ने भी एक स्वर में चुनाव लड़ने का समर्थन करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा के भीतर टिकट को लेकर दावेदारी अब खुलकर सामने आने लगी है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले यह बयान क्षेत्र की राजनीति में नई चर्चा का विषय बन गया है।
