अपर्णा यादव के सपा-कांग्रेस का झंडा जलाने से भड़का विपक्ष, अजय राय बोले- जितनी निंदा की जाए कम

अपर्णा यादव के सपा-कांग्रेस का झंडा जलाने से भड़का विपक्ष, अजय राय बोले- जितनी निंदा की जाए कम
यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय

महिला आरक्षण संशोधन विधेयक संसद से पास न होने के बाद भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से विपक्ष पर हमलावर है और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन कर रही है. इसी क्रम में बीजेपी नेता अपर्णा यादव ने भी समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी का झंडा जलाकर विरोध जताया था, जिसके बाद इस विरोध से जुड़ी उनकी तस्वीर पूरे देश की सियासत में चर्चा के केंद्र में आ गई. इस मामले पर अब विपक्ष की ओर से भी कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली है.

समाजवादी पार्टी के एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने एबीपी लाइव से बात करते हुए इसे छोटी मानसिकता वाला कृत्य बताया. उन्होंने कहा कि सबसे पहले महिलाओं के अधिकार और उनके आरक्षण के लिए समाजवादी पार्टी ने हमेशा से ही अपनी आवाज बुलंद रखी है और हम कहीं से भी महिलाओं के अधिकार को लेकर पीछे हटने वाले नहीं है.

उन्होंने कहा कि हकीकत तो यह है कि इस संशोधन विधेयक के पीछे भारतीय जनता पार्टी की कुछ और मानसिकता रही है. वहीं विरोध की ऐसी तस्वीर जहां पार्टी का झंडा जलाया गया हो, इसके अलावा पीछे सदन की जिस तरह से तस्वीर सामने आ रही है. यह बिल्कुल अनुचित है. जो व्यक्ति की छोटी और घृणित मानसिकता को दर्शाता है. उनके खिलाफ FIR दर्ज होना चाहिए.

अजय राय ने की झंडा जलाने की निंदा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि महिलाओं के हक और अधिकारों की आवाज को किसने उठाया है. विशेष सत्र बुलाकर केंद्र सरकार लोगों को भ्रमित करना चाहती थी. लेकिन, हद तो तब हो गई जब विरोध की सारी हदें पार करते हुए किसी दल का झंडा जलाया गया, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. इसकी जितनी निंदा की जाए कम है.

बता दें कि इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपर्णा यादव का नाम लिए बिना सपा का झंडा जलाए जाने पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा कि मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कहूंगा लेकिन, रंग किसी न किसी घर्म से जुड़ा होता है. हर धर्म का कोई न कोई रंग होता है.  अखिलेश ने कहा कि समाजवादियों का लाल रंग है. लाल रंग क्रांति का है. देवियों का है, हनुमान जी का भी लाल रंग है और सुहाग का भी लाल रंग होता है. इसलिए किसी भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचना चाहिए.


Leave a Reply