विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्लास्टिक मुक्त करके स्वच्छ किए जाएंगे 100 तालाब
जनपद के सामुदायिक शौचालयों का कराया जाएगा सौंदर्यीकरण
जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर एकत्रित कूड़े का अभियान के रूप में कराया जाएगा निष्पादन
सहारनपुर। जिला पंचायत राज अधिकारी एवं सचिव जिला स्वच्छता समिति श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी ने विकास भवन सभागार में खंड स्वच्छता प्रेरकों एवं सामुदायिक शौचालय महिला केयरटेकरों के प्रशिक्षण में कहा कि स्वच्छता विकसित समाज का दर्पण है।
श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी ने एक जून से पांच जून तक मनाये जा रहे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले शासन द्वारा निर्धारित गतिविधियों को उत्साह पूर्वक ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित करने तथा अधिक से अधिक जन सहभागिता बढ़ाने के लिए खंड स्वच्छता प्रेरकों को एवं सामुदायिक शौचालय महिला केयरटेकरों को अभिप्रेरित किया।
सचिव जिला स्वच्छता समिति ने स्वच्छता के महत्व पर विस्तार पूर्वक चर्चा करते हुए विकसित समाज बनाने के लिए स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया। प्रशिक्षण में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के अनुसार स्वच्छता के सात आयामों क्रमश शत प्रतिशत शौचालयों का प्रयोग, पर्यावरणीय स्वच्छता, कूड़ा कचरा प्रबंधन, रूके हुये पानी की उचित निकासी, व्यक्तिगत स्वच्छता, सामुदायिक स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ठ प्रबंधन पर प्रस्तुतियां की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्वच्छता सलाहकार श्री संदीप कुमार, श्री आशीष सिंह समेत समस्त खंड स्वच्छता प्रेरक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देव भास्कर पांडेय द्वारा किया गया।
