PM मोदी की अपील पर CM योगी की मंत्रियों को सलाह, कहा- ‘अगले 6 महीने तक…’

PM मोदी की अपील पर CM योगी की मंत्रियों को सलाह, कहा- ‘अगले 6 महीने तक…’

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली कैबिनेट बैठक ली. इस अहम मीटिंग में वैश्विक संकट को देखते हुए पीएम मोदी की अपील के बाद सीएम योगी ने मंत्रियों को अगले छह महीने तक विदेशी यात्रा से बचने की सलाह दी है. साथ ही कहा है कि एक दिन सभी मंत्री पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें.

कैबिनेट मीटिंग में सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंत्रियों से कहा कि ईंधन संरक्षण राष्ट्रीय दायित्व है और यूपी कैबिनेट सभी के लिए आदर्श होना चाहिए. इसलिए सभी मंत्री सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें. सीएम ने आगे कहा कि मेट्रो, बस, ई-रिक्शा और कारपूलिंग उपयोग को कार्यसंस्कृति में अपनाएं.

‘6 महीने तक विदेश यात्रा से बचें’

बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने सभी मंत्रियों और अधिकारियों से अगले छह महीने तक विदेश यात्राओं से परहेज करने की सलाह दी है. साथ ही कहा है कि वाहन फ्लीट 50 प्रतिशत तक कम करें.

वर्क फ्रॉम होम पर दिया जोर

सीएम ने कहा कि ऑफिस में एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखें. उन्होंने प्रदेश में हर स्तर  पर हाइब्रिड बैठकों, डिजिटल कार्यसंस्कृति और ‘वर्क फ्रॉम होम’ पर जोर दिया. साथ ही सौर ऊर्जा, पीएनजी, इलेक्ट्रिक वाहन और ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहन दिया.

‘पीएनजी कनेक्शन को दें प्राथमिकता’

सीएम ने एलपीजी सिलेंडर के स्थान पर पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. वहीं विस्तारित मंत्रिमंडल के साथ मुख्यमंत्री की इस पहली बैठक में नए मंत्रियों ने सीएम योगी का आभार जताया.

उन्होंने शासन एवं प्रशासनिक कार्यों में डिजिटल और वर्चुअल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर बल देते हुए निर्देश दिए कि अंतरजनपदीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा विधानसभा एवं विधान परिषद की स्टैंडिंग कमेटियों की बैठकें यथासंभव हाइब्रिड मोड में आयोजित की जाएं.

पब्लिक ट्रांसपोर्टेशन को दें बढ़ावा- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने सचिवालय और निदेशालय स्तर पर एयरकंडीशनर एवं लिफ्ट के आवश्यकता-आधारित उपयोग के निर्देश देते हुए एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने तथा प्राकृतिक प्रकाश के अधिकतम उपयोग को प्रोत्साहित करने की बात कही. उन्होंने सार्वजनिक परिवहन, रेल यात्रा और कारपूलिंग को बढ़ावा देने के साथ 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था अपनाने पर भी बल दिया.

सौर ऊर्जा का हो व्यापक उपयोग- सीएम

ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन को शासन की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग और जनजागरूकता अभियानों को रिहायशी कॉलोनियों, विद्यालयों और महाविद्यालयों तक विस्तारित करने के निर्देश दिए. उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति तैयार करने की आवश्यकता पर बल देते हुए स्वच्छ एवं ऊर्जा-कुशल परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देने की बात कही.

वोकल फॉर लोकल को अपनाएं- सीएम

मुख्यमंत्री ने सामाजिक आयोजनों में भी मितव्ययिता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देने का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि शादी-विवाह एवं अन्य समारोहों के लिए घरेलू स्थलों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि अनावश्यक व्यय पर रोक लगे और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिले. ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को व्यवहार में उतारने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रीगण उपहार स्वरूप उन्हीं वस्तुओं का उपयोग करें, जिनका निर्माण उत्तर प्रदेश में होता है. उन्होंने कहा कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्थानीय उत्पादों की समृद्ध श्रृंखला उपलब्ध है, जिन्हें प्राथमिकता दी जानी चाहिए.

मुख्यमंत्री ने एलपीजी सिलेंडर के स्थान पर पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि इसके लिए आवश्यक नीतिगत बदलाव तत्काल किए जाएं. उन्होंने कॉमर्शियल एलपीजी उपयोगकर्ताओं को भी पीएनजी से जोड़ने की आवश्यकता बताई.

‘आयातित वस्तुओं का करें न्यूनतम उपयोग’

आयातित वस्तुओं के न्यूनतम उपयोग पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने तिलहन उत्पादन, प्राकृतिक खेती और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई. उन्होंने खाद्य तेल की खपत कम करने तथा इसके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही. साथ ही, सोने के अनावश्यक आयात को हतोत्साहित करने और वर्षा जल संरक्षण को जनांदोलन का रूप देने की अपील भी की.

Leave a Reply