भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन
सहारनपुर। भारतीय मजदूर संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने कर्मचारियों, श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र से जुड़े कामगारों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन 20 सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर समस्याओं का समाधान कराए जाने की मांग की।
जिला मंत्री राजकुमार धीमान के नेतृत्व में सौंपे ज्ञापन में आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू करने तथा न्यूनतम वेतनमान 72 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग की गई। ज्ञापन में आशा, आशा संगिनी, आंगनबाड़ी, सफाई, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का मानदेय बढ़ाने, सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा लंबे समय से कार्यरत संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा 108 एवं 102 एंबुलेंस सेवा से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली, एनएचएम कर्मियों की वेतन एवं स्थानांतरण संबंधी समस्याओं के समाधान और कर्मचारियों के शोषण पर रोक लगाने की मांग भी की गई।
भारतीय मजदूर संघ ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, ईपीएस-95 पेंशन में वृद्धि करने, पत्रकारों को सुरक्षा बीमा व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने तथा श्रम विभाग की समितियों एवं बोर्डों में श्रम संगठनों को प्रतिनिधित्व देने की भी मांग की है। संगठन ने सरकार से कर्मचारियों और श्रमिकों से जुड़ी इन समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की अपील की है। इस मौके पर बलदेव सिंह, रोहित तोमर,डॉक्टर नवनीत, जितेंद्र कुमार, अभिषेक, विकास राणा,प्रदीप, प्रशांत पुंडीर, प्रदीप सैनी आदि मौजूद रहे।
