NIA ने की BJP नेता विकास सिंह से पूछताछ, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के करीबी होने का संदेह

NIA ने की BJP नेता विकास सिंह से पूछताछ, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के करीबी होने का संदेह

 लखनऊ : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के विरुद्ध चल रही अपनी छानबीन को आगे बढ़ाते हुए बुधवार सुबह अन्य राज्यों के साथ उत्तर प्रदेश के पांच जिलों में छापेमारी की। गिरोह के करीबी होने के संदेह में अयोध्या निवासी भाजपा नेता विकास सिंह देवगढ़ से भी पूछताछ की। विकास की तलाश में पहले लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट में छापा मारा। विकास के अयोध्या के देवगढ़ गांव में होने की सूचना पाकर एनआइए की टीम वहां पहुंची और उससे लंबी पूछताछ की।

विकास सिंह की मां का निधन मंगलवार को हो गया था। वह मां के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार करने के बाद देवगढ़ स्थित अपने पैतृक आवास पर ही मौजूद था। एनआइए पूर्व में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े अयोध्या निवासी एक किशोर को गिरफ्तार किया था। जिसके बाद लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का उत्तर प्रदेश कनेक्शन सामने आया था। एनआइए ने मेरठ व बागपत में भी छानबीन की है। कुछ अन्य जिलों में भी उसकी टीमों के जाने की जानकारी भी सामने आ रही है।

एनआइए लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से विकास सिंह के रिश्तों को लेकर छानबीन कर रही है। सूत्रों का कहना है कि जांच एजेंसी को संदेह है कि लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के शूटरों को उत्तर प्रदेश में शरण दिलाने में विकास सिंह की सक्रिय भूमिका रही है। एनआइए ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े एक खालिस्तानी समर्थक को पकड़ा है, जिससे पूछताछ में विकास सिंह का नाम सामने आने की बात भी कही जा रही है।

हालांकि, जांच एजेंसी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पूर्वांचल के एक बाहुबली राजनेता पर हमला कराने की साजिश के मामले में भी विकास सिंह का नाम उछला था। विकास सिंह की बाहुबली राजनेता से पुरानी अदावत रही है। एनआइए की टीमें मंगलवार रात को ही आ गई थीं और बुधवार सुबह पांच बजे छापेमारी शुरू की गई। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट में विकास सिंह का फ्लैट है। बताया गया कि फ्लैट में किरायेदार रहते थे, जो एक माह पूर्व उसे छोड़कर चले गए थे। विकास सिंह ने यह फ्लैट 2021 में खरीदा था।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे