एमएलसी चुनाव की तैयारियों का एसडीएम ने लिया जायजा, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
बेहट। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को उपजिलाधिकारी सुबोध कुमार ने तहसीलदार विजय कुमार सिंह के साथ क्षेत्र के मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
23 अक्टूबर को सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
एसडीएम सुबोध कुमार ने बताया कि स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। बेहट क्षेत्र में तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें शिक्षक निर्वाचन के लिए तीन और स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 10 बूथ निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एएचपी इंटर कॉलेज छुटमलपुर में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के लिए एक-एक बूथ बनाया गया है। वैदिक इंटर कॉलेज मुजफ्फराबाद में शिक्षक निर्वाचन का एक तथा स्नातक निर्वाचन के छह बूथ बनाए गए हैं। इसी प्रकार पब्लिक इंटर कॉलेज साढ़ौली कदीम में शिक्षक निर्वाचन के लिए एक और स्नातक निर्वाचन के लिए तीन बूथ निर्धारित किए गए हैं।
एसडीएम ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने तथा चुनाव के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार विजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
