मिशन शक्ति फेज-6: महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक
सहारनपुर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, साइबर ठगी से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
सहारनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के निर्देश पर पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मसुरक्षा, कानूनी अधिकारों और विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला उत्पीड़न से बचाव, सुरक्षा संबंधी उपायों और किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में पुलिस तथा संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस ने उन्हें किसी भी तरह की परेशानी या अपराध का सामना करने पर बिना डरे शिकायत दर्ज कराने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए तरीके
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों पर भी विशेष जोर दिया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा नहीं करने चाहिए। साइबर अपराध का शिकार होने पर जल्द से जल्द शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
पुलिसकर्मियों ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए। महिलाओं एवं बालिकाओं को जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
- 1090: वूमेन पावर लाइन
- 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 112: पुलिस आपातकालीन सेवा
- 108: एंबुलेंस सेवा
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 101: अग्निशमन सेवा
सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना उद्देश्य
सहारनपुर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में भयभीत न हों और संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस की मदद लें।
पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, आत्मविश्वास बढ़ाना और समाज में उनके लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। अभियान के माध्यम से सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
