शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर जारी, एक्शन और रोमांस का संगम

शाहरुख खान ने अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर मंगलवार को जारी किया है। इस पोस्टर में शाहरुख के होंठों के बीच गुलाब दिखाई दे रहा है, जबकि उनकी आंखों में गुस्सा और अंदाज में रोमांस झलक रहा है। यह पोस्टर फिल्म में एक्शन और रोमांस के मेल का संकेत देता है।

सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा करते हुए शाहरुख ने लिखा, “आज फिर याद आया… कातिल नहीं, आशिक हूं।” फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं और इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने मिलकर बनाया है। फिल्म में शाहरुख के अलावा दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, अनिल कपूर, अभय वर्मा और अरशद वारसी भी नजर आएंगे। ‘किंग’ की कहानी एक मेंटर और शिष्य के सफर पर आधारित है, जो कठिन परिस्थितियों में अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करते हैं।

फिल्म क्रिसमस 2026 के दौरान रिलीज होगी, जब जुमांजी, एवेंजर्स: डूम्सडे और ड्यून 3 जैसी हॉलीवुड फिल्में भी रिलीज होंगी। इस प्रतिस्पर्धा को देखते हुए, फिल्म के लिए बड़े थिएटर रिलीज की योजना बनाई जा रही है।

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी पेन मरुधर ने ‘किंग’ के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपए में खरीद लिए हैं। पेन मरुधर का शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस के साथ पुराना संबंध रहा है, और कंपनी ने पहले भी कई सफल फिल्मों का वितरण किया है।

ए.ए. फिल्म्स, जियो स्टूडियोज, पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स, यशराज फिल्म्स और धर्मा प्रोडक्शंस जैसी कंपनियों ने भी फिल्म के डोमेस्टिक राइट्स के लिए बोली लगाई थी।

Leave a Reply