टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा! लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अमेरिकी ऑपरेटिव रंदीप मलिक पर जांच एजेंसियों की नजर
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर अनिल पंडित द्वारा हमले की जिम्मेदारी लेने के बावजूद जांच एजेंसियों का ध्यान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अमेरिका स्थित शीर्ष ऑपरेटिव रंदीप मलिक पर केंद्रित है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले की साजिश और शूटरों की तैनाती में मलिक की क्या भूमिका रही है।
लॉरेंस और अनमोल का करीबी माना जाता है रंदीप मलिक
सूत्रों के मुताबिक, रंदीप मलिक को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई का बेहद करीबी माना जाता है। अनमोल फिलहाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है, जबकि लॉरेंस गुजरात की जेल में है। इस मामले में जांच एजेंसियां जल्द ही दोनों से पूछताछ कर सकती हैं।
जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, हमले की जिम्मेदारी लेने वाला अनिल पंडित और कथित शूटर रेहान कुछ महीने पहले तक रंदीप मलिक के अधीन काम करते थे। दोनों को मलिक के भरोसेमंद गुर्गों में गिना जाता था।
रेहान को भी दिखाया गया था अमेरिका जाने का सपना
सूत्रों का दावा है कि रेहान को इससे पहले सोनीपत में हुई एक फायरिंग की वारदात के लिए भी मलिक और अनिल पंडित ने तैनात किया था। बताया जा रहा है कि रेहान को गैंग से जोड़ने के लिए अमेरिका में बेहतर जिंदगी का सपना दिखाया गया था। इसी तरह का लालच पहले अनिल पंडित को भी दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कुछ महीने बाद अनिल पंडित को अवैध डंकी रूट के जरिए कैलिफोर्निया भेजा गया था। इसके बाद गैंग में नए युवाओं की भर्ती के दौरान पंडित की मिसाल दी जाती थी।
रंदीप मलिक ने खुद अनिल पंडित को दी थी ट्रेनिंग
सूत्रों के अनुसार, अनिल पंडित पिछले साल तक रंदीप मलिक के लिए कथित तौर पर डब्बा कॉल्स यानी पहचान छिपाकर की जाने वाली इंटरनेट आधारित कॉल्स का काम संभालता था। दावा है कि मलिक ने खुद पंडित को इस काम की ट्रेनिंग दी थी।
कुछ महीने पहले तक सोशल मीडिया पर सामने आने वाले कथित गैंग-संबंधी स्क्रीनशॉट में मलिक और पंडित के नाम एक साथ दिखाई देते थे। हालांकि, बाद में गैंग के भीतर जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया और अनिल पंडित को स्वतंत्र भूमिका देते हुए अनमोल बिश्नोई के गुट से जोड़ दिया गया।
गैंग में टारगेट चुनने और प्लानिंग की जिम्मेदारी संभालता है मलिक?
सूत्रों का कहना है कि रंदीप मलिक को गैंग के सीनियर स्तर पर रखा गया है, जहां बड़ी वारदातों की योजना बनाने और संभावित टारगेट चुनने जैसे काम किए जाते हैं। यही वजह है कि टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले के कथित स्क्रीनशॉट में मलिक और अनमोल बिश्नोई के नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस कनेक्शन की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
