दिल्ली में इस हफ्ते मौसम बना रहेगा शुष्क, खराब होगी हवा की गुणवत्ता

दिल्ली में इस हफ्ते मौसम बना रहेगा शुष्क, खराब होगी हवा की गुणवत्ता

दिल्ली-एनसीआर में इस पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है, और दिन के समय में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि हो सकती है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन बारिश के कोई आसार नहीं है. 25 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, लेकिन इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है.

IMD के अनुसार, मंगलवार (20  अक्टूबर) को दिल्ली के बेस स्टेशन सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि औस से 0.7 डिग्री कम है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि औसत से 0.8 डिग्री कम है. सबसे कम अधिकतम तापमान मयूर विहार में 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पालम में भी ये 29.3 डिग्री रहा.

आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, आज बुधवार (21 अक्टूबर) को भी आसमान साफ और शुष्क रहने वाला है. ये सिलसिला इस हफ्ते जारी रहने वाला है. आज शहर का अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18-20  डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. IMD के अनुसार, सुबह के समय उत्तर दिशा से हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 5-10 किमी प्रति घंटा रहेगी.  विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद इसमें 1-3 डिग्री का बदलाव आ सकता है.

पिछले 24 घंटों में कितना रहा तापमान?

पिछले 24 घंटों में दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दर्ज किया गया है. पिछले 24 घंटों में शहर में न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस और  अधिकतम तापमान 29-32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है. इस दौरान दिल्ली में 10-15 किमी प्रति घंटा की गति से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं.

हवा की गुणवत्ता कैसी रही?

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, राजधानी का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) शाम 4 बजे 179 रहा और ये मध्यम श्रेणी में आता है.  दिल्ली के कुछ इलाकों में हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई थी. रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में ये और खराब हो सकती है.

Leave a Reply