युवती ने एसपी कार्यालय में की न्याय की मांग, पुलिस पर FIR में धारा कम करने का आरोप
कानपुर: कानपुर देहात में एक युवती ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि जमीन के विवाद में धारदार हथियार से हुए हमले में उसके सिर की हड्डी टूट गई, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया।
पीड़िता ने बताया कि 18 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव के कुछ लोगों के साथ जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। इस दौरान आरोपियों ने उस पर जान से मारने के इरादे से हमला किया, जिससे उसका सिर गंभीर रूप से घायल हुआ।
युवती को पहले स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर उसे जिला अस्पताल अकबरपुर और बाद में कानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल जांच में सिर की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है।
पीड़िता ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि घटना के दिन ही शिकायत देने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला। उसने थाना प्रभारी पर आरोपियों से मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। उसने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज है और आरोपों की जांच की जाएगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
