लौह पुरूष के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता: गौकरण दत्त शर्मा

लौह पुरूष के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता: गौकरण दत्त शर्मा
  • सहारनपुर में सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम का मंचीय दृश्य।

सहारनपुर। राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के शिल्पकार, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारत-भारती उत्तर प्रदेश द्वारा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ विषयक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, समाजसेवियों, साहित्यकारों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर सरदार पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने अद्वितीय व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा देश की 562 रियासतों के एकीकरण में निभाई गई उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व के कारण ही भारत आज एक सशक्त एवं अखंड राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है।

वक्ताओं ने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन मूल्यों, राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा पर भी सारगर्भित विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर भारत-भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय भाई पत्रालय ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रांतीय संयोजक डॉ. गोकरण दत्त शर्मा एडवोकेट एवं उनकी टीम को बधाई दी।

उत्तर प्रदेश के मंत्री कुंवर ब्रिजेश सिंह ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का योगदान अतुलनीय है तथा उनके आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कार्यक्रम में विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेन्द्र निम, पूर्व मंत्री सुरेश गंगवार, मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, वीसी विमला वाई, डीन मिली पंत, संगठन मंत्री विवेकानंद, सिताब सिंह छोकर, फूल सिंह, उपाध्यक्ष उमेश शर्मा एडवोकेट, रणबीर राहगीर, प्रशांत पुंडीर, कंवरपाल सिंह, विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply