सहारनपुर में नगर निगम का अतिक्रमण पर एक्शन, दो दर्जन से अधिक स्थानों से हटाए कब्जे, 6700 रुपये जुर्माना वसूला
पुल खुमरान से बेहट बस अड्डे और गोलकोठी से रायवाला चौक तक चला अभियान, सड़क पर सामान फैलाने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई
सहारनपुर। शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने बुधवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाया। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने बेहट बस अड्डे से पुल खुमरान और गोलकोठी से रायवाला चौक तक कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान सड़क पर सामान फैलाकर यातायात बाधित करने वाले दुकानदारों से 6700 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
निगम की टीम पहुंचते ही दुकानदारों में मची खलबली
नगर निगम का प्रवर्तन दल जैसे ही बेहट बस अड्डे पहुंचा, अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों में खलबली मच गई। कार्रवाई से बचने के लिए कई दुकानदार आनन-फानन में सड़क पर रखा अपना सामान समेटकर दुकानों के भीतर रखने लगे। निगम की टीम ने बेहट बस अड्डे से पुल खुमरान तक सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया।
इसके बाद गोलकोठी से रायवाला चौक तक भी अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि घासकांटा के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, ब्लैंकेट, साइकिल और मोटरसाइकिल से संबंधित कई दुकानदारों ने अपना सामान सड़कों तक फैला रखा था। निगम की टीम ने ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।
दो दर्जन से अधिक स्थानों पर कार्रवाई
अभियान के दौरान निगम की टीम ने दो दर्जन से अधिक स्थानों से अस्थायी अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई में कुल 6700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान में नगर निगम के अधिकारियों के साथ प्रवर्तन दल के रणदीप, बिक्रम, अमित, मेहरबान, विकास, नितिन और तौसीफ आदि शामिल रहे।
