कुलगाम आतंकी हमला: दूसरे श्रमिक ने भी तोड़ा दम, पेट में लगी थी गोली; मृतकों के परिजनों को 16-16 लाख रुपये देगी सरकार
श्रीनगर। कुलगाम जिले में शुक्रवार शाम हुए आतंकी हमले में गंभीर रूप से घायल गैर-स्थानीय श्रमिक ने शनिवार तड़के श्रीनगर के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हमले में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। दोनों मृतक छत्तीसगढ़ के निवासी थे और कुलगाम के केलम इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम आतंकियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे गैर-स्थानीय श्रमिकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी थीं। हमले में दीपक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि भूपेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके पेट में गोली लगी थी और उसे तत्काल श्रीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार तड़के उसने भी अंतिम सांस ली। दीपक के सीने में गोली लगी थी।
छह-छह लाख रुपये की तत्काल राहत
इस बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह सहायता जिला प्रशासन की ओर से दी जा रही छह-छह लाख रुपये की तत्काल राहत के अतिरिक्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्दोष लोगों की हत्या अत्यंत निंदनीय और अमानवीय है। उन्होंने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उमर अब्दुल्ला ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और साहस प्रदान करने की कामना भी की।
