क्या यूपी में सच में समय से पहले होंगे विधानसभा चुनाव? अखिलेश यादव के दावों पर केशव मौर्य का जवाब

क्या यूपी में सच में समय से पहले होंगे विधानसभा चुनाव? अखिलेश यादव के दावों पर केशव मौर्य का जवाब

उत्तर प्रदेश में समय से पहले विधानसभा चुनाव कराए जाने की चर्चा जोरों से हो रही हैं. जिसके बाद से राज्य का सियासी माहौल गर्मा गया है. इन तमाम कयासों पर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की प्रतिक्रिया सामने आई हैं. मौर्य ने दावा किया कि यूपी में चुनाव अपने समय से ही कराए जाएंगे. जहां तक जनगणना की बात है तो वो पहले या बाद में पूरी की जा सकती हैं.

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने हिन्दी अख़बार अमर उजाला को दिए इंटरव्यू में यूपी चुनाव से लेकर तमाम मुद्दों को लेकर खुलकर बात की. जब उनसे प्रदेश में समय से पहले चुनाव कराए जाने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो इस बात को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं तीसरी बार भी प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की जीत होगी. लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा है.

समय से पहले चुनाव पर बोले केशव मौर्य

केशव मौर्य ने समय से पहले चुनाव कराये जाने पर कहा कि लोग ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि जनसंख्या की वास्तविक गिनती फरवरी 2027 में होनी है. लेकिन मुझे लगता है कि चुनाव अपने तय समय के अनुसार ही होंगे. जहां तक जनगणना प्रक्रिया की बात है तो वो चुनाव के पहले या बाद में की जा सकती है.

डिप्टी सीएम ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह से तैयार हैं. चुनाव समय पर हों, पहले हों या बाद में, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है. भारतीय जनता पार्टी की जीत तय है. यूपी में तीसरी बार भी बीजेपी के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी. लोग बीजेपी के साथ हैं.

अखिलेश यादव ने किया ये दावा

बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी दावा किया था कि इस बार नवंबर 2026 में ही विधानसभा चुनाव कराए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा इसके लिए सर्वे करवा रही है. समाजवादी पार्टी यूपी चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और सपा से ज्यादा तो इस बार जनता तैयार है. ये अफ़वाह सरकार ने फैलाई की है कि नवंबर में ही चुनाव करवा देंगे.