‘केजरीवाल चुप्पी तोड़ो इस्तीफा लो’, पंजाब पेपर लीक पर NDA का प्रदर्शन

‘केजरीवाल चुप्पी तोड़ो इस्तीफा लो’, पंजाब पेपर लीक पर NDA का प्रदर्शन

देशभर में नीट पेपर लीक के बाद अब हर राज्य में पेपर लीक का मुद्दा गरमा गया है. इस बीच पंजाब में हुए पेपर लीक को लेकर एनडीए के नेताओं ने संसद के बाहर प्रदर्शन किया है. इस दौरान पंजाब के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई गई है. एनडीए के नेताओं का कहना है, “केजरीवाल चुप्पी तोड़ो इस्तीफा लो.”

दरअसल मंगलवार (28 जुलाई) को संसद के मानसून सत्र के दौरान मकर द्वार पर बीजेपी सांसदों ने प्रदर्शन किया. इस दौरान उन्होंने पेपर लीक पर पंजाब के शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है. एनडीए के सांसदों ने प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी भी की है. साथ ही पंजाब सरकार को भी आड़े हाथ ले लिया है.

फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा का पेपर हुआ लीक

बता दें कि 19 जुलाई को पंजाब फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में 454 पदों के लिए 7,000 उम्मीदवार शामिल हुए थे और परीक्षा का पेपर लीक हो गया. इसको लेकर पंजाब भारतीय जनता पार्टी ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया था. इसका असर मंगलवार को सदन के बाहर मकर द्वार पर भी देखने को मिला.

बीजेपी ने सरकार पर लगाए आरोप

पंजाब बीजेपी ने सोमवार (27 जुलाई) को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया. पार्टी का कहना है कि सरकार पारदर्शिता और ईमानदारी का झूठा दावा करती है, लेकिन सरकारी भर्ती परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने में बार-बार नाकाम रही है.

आरोप है कि परीक्षा केंद्र के अंदर प्रश्न पत्र को स्कैन किया गया, बाहर भेजा गया, हल किया गया और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए उम्मीदवारों तक जवाब पहुंचाए गए, जिससे सुरक्षा में गंभीर खामियां उजागर हुईं. बीजेपी की ओर से नायब तहसीलदार परीक्षा, पीएसईबी कक्षा 12वीं का अंग्रेजी पेपर लीक, पीएसटीईटी विवाद, पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की भर्ती में अनियमितताओं और अन्य घोटालों का हवाला भी दिया.