सपा के गढ़ में जयंत चौधरी का शक्ति प्रदर्शन, RLD चीफ का मुरादाबाद से मिशन-27 का आगाज
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों की आहट से पहले राजनीतिक दलों ने अपनी जमीनी तैयारी शुरू कर दी है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के मजबूत गढ़ मुरादाबाद में बीजेपी सरकार में सहयोगी आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी विजय संकल्प महारैली से अपनी ताकत दिखाएंगे और मिशन-27 का आगाज करेंगे. ठाकुरद्वारा विधानसभा में ये महारैली आज दोपहर दो बजे सनातन धर्म हिन्दू इंटर कॉलेज के मैदान में होगी.
रैली को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय लोकदल के स्थानीय नेताओं के साथ ही राज्य मंत्री अनिल कुमार लगातार गांव-गांव जन संपर्क अभियान में जुटे हैं. इस इलाके साथ ही आरएलडी का लक्ष्य आस-पास के जिलों तक अपना सन्देश पहुंचाना है. रैली में खासतौर किसानों के मुद्दे उठाए जाएंगे.
जयंत चौधरी वेस्ट यूपी में दिखाएंगे ताकत
दरअसल मुरादाबाद को समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है. जिस विधानसभा ठाकुरद्वारा में रैली हो रही है, वहां से और पड़ोस की कांठ विधानसभा सपा के पास ही है. जबकि जनपद कुल छह विधानसभा में से चार सपा के पास हैं और बीते उपचुनाव में कुन्दरकी सीट जीतकर बीजेपी की दो सीटें हैं. चूंकि 2022 का विधानसभा चुनाव आरएलडी ने सपा के साथ मिलकर लड़ा था. अब उसे बीजेपी के साथ न सिर्फ अपनी मजबूत दावेदारी दिखानी है, बल्कि एनडीए की जीत के लिए दोहरा प्रयास करना पड़ेगा. इसलिए जयंत चौधरी आज विजय महासंकल्प रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाएंगे.
कांठ सीट पर RLD कर रही दावा
जनपद में छह सीटों में आरआलडी कांठ सीट पर अभी से अपनी दावेदारी कर रही है.ये सीट जाट और मुस्लिम बाहुल्य होने के साथ ही बड़ी संख्या में खेती-बाड़ी से जुडी जातियों की है. लिहाजा इस सीट पर समीकरण को देखते हुए ही रैली का आयोजन पडोसी सीट पर किया जा रहा है. इस रैली से आस-पास के जिलों बिजनौर, मुजफ्फरनगर,शामली, अमरोहा, मेरठ और सहारनपुर के कार्यकर्ता भी जुटेंगे.
रैली की तैयारी पिछले काफी दिनों से की जा रही थी, अभी पिछले दिनों एक कार्यक्रम में पार्टी नेता केसी त्यागी भी कांठ पहुंचे थे. पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार किसानों से संपर्क कर रैली में पहुँचने की अपील कर रहे हैं.
