ऐसा रहा भाकियू कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन, नरेश टिकैत बोले- कृषि विधेयकों से बर्बाद हो जाएगा किसान

मेरठ कृषि विधेयकों के विरोध में भाकियू और अन्य किसान संगठनों ने चक्का जाम किया। किसानों के इस आंदोलन से हाईवों पर यातायात बाधित रहा। बिजनौर में सर्वाधिक 126 स्थानों पर जाम लगाकर ट्रैफिक रोका गया। कांग्रेस, सपा, आप और रालोद कार्यकर्ताओं ने भी चक्का जाम को समर्थन दिया। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने मुजफ्फरनगर के लालूखेड़ी में चक्का जाम के दौरान कहा कि कृषि विधेयकों से किसान बर्बाद हो जाएगा। इससे कॉरपोरेट को बढ़ावा मिलेगा, सरकार इन्हें वापस ले।

बागपत में राष्ट्रवंदना चौक पर किसानों ने मानव श्रृंखला बनाकर जाम लगा दिया। बड़ौत, पुसार, किशनपुर बिराल, अग्रवाल मंडी टटीरी और दादरी में जाम लगाया गया। बिजनौर में शुक्रवार को किसानों ने 126 स्थानों पर जाम लगाया गया। भाकियू ने 75 जगह, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने 40 और आजाद किसान यूनियन ने भी कई जगह चक्का जाम किया।
शामली में पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर ढाई बजे तक गुरुद्वारा तिराहा और झिंझाना के गाड़ीवाला पर भाकियू ने चक्का जाम किया। कैराना में भाकियू ने जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों के समझाने पर जाम का कार्यक्रम टाल दिया। गांव टिटौली में भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने, थानाभवन में भारतीय किसान संगठन ने, हिंड में भाकियू ने मार्ग जाम कर ज्ञापन दिए। मुजफ्फरनगर में दस स्थानों रोहाना, फलौदा, रामपुर तिराहा, बुढ़ाना, फुगाना, शाहपुर, मोरना, नावला कोठी, लालूखेड़ी, मीरापुर में भाकियू ने जाम लगाया।

सहारनपुर में मुजफ्फरनगर हाईवे पर नागल और गागलहेड़ी में, अंबाला हाईवे पर शाहजहांपुर में, देहरादून हाईवे पर शेरपुर में, दिल्ली हाईवे पर रामपुर मनिहारान में चक्का जाम किया गया। बड़गांव में भारतीय किसान संगठन और देवबंद में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलौर रोड पुलिस चौकी के पास हाईवे पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।

कृषि विधेयकों के विरोध में किसानों ने मेरठ में हाईवों पर दस स्थानों पर चक्का जाम किया। एनएच 58 पर परतापुर, जिटौली, सकौती, मेरठ करनाल हाईवे पर नानू गंग नहर पर जाम लगाया, बागपत रोड पर जानी में जाम लगाया गया। मवाना, किला परीक्षितगढ़ और गढ़ रोड पर मऊखास में जाम लगाया गया। रालोद, आप, कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं ने भी इसे अपना समर्थन दिया।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे