राम मंदिर CEO पद के लिए आज से इंटरव्यू, 5,000 से अधिक आवेदनों में से 18 उम्मीदवार चयनित
नई दिल्ली : अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए चयन प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस प्रतिष्ठित पद के लिए 5,000 से अधिक आवेदनों में से 18 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए चुना गया है। इन उम्मीदवारों का इंटरव्यू मंगलवार और बुधवार को राम मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, सीईओ पद के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रारंभिक जांच और स्क्रीनिंग के बाद चयन समिति ने पहले करीब 55 उम्मीदवारों का प्रारंभिक मूल्यांकन किया, जिनमें से 18 को अंतिम साक्षात्कार के लिए चुना गया है।
अनुभवी पैनल करेगा चयन
साक्षात्कार लेने वाले पैनल में न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और शिर्डी साईं बाबा ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हवारे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि राम जन्मभूमि ट्रस्ट के कुछ सदस्य भी इस दौरान मौजूद रहेंगे।
प्रबंधन अनुभव के साथ धार्मिक आचरण भी जरूरी
राम मंदिर के सीईओ की जिम्मेदारी मंदिर के प्रशासन, संचालन और विभिन्न व्यवस्थाओं की निगरानी करना होगी। इसलिए प्रशासनिक और प्रबंधन क्षेत्र में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जा रही है।
मंदिर से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, चयनित उम्मीदवार का हिंदू होना आवश्यक है। साथ ही उसे हिंदू परंपराओं और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करना होगा। शुद्ध शाकाहारी जीवनशैली अपनाना तथा शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहना भी आवश्यक शर्तों में शामिल है।
50 से 70 वर्ष आयु सीमा निर्धारित
ट्रस्ट ने इस पद के लिए 50 से 70 वर्ष की आयु सीमा तय की है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद साक्षात्कार पैनल तीन उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करेगा और उनके नाम अंतिम निर्णय के लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भेजे जाएंगे।
चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के आरोपों के बाद लिया गया फैसला
राम मंदिर में सीईओ नियुक्त करने का निर्णय जून महीने में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद लिया गया था। इन आरोपों की जांच के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। जांच के लिए प्रारंभिक रूप से 15 दिन का समय निर्धारित किया गया था।
