केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों पर बरसे इमरान मसूद
- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते कांग्रेस सांसद इमरान मसूद।
सहारनपुर। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते बेरोजगारी व महंगाई चरम पर है जिस कारण देश की जनता त्रस्त है। उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे पर कहा कि उनके परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा।
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सोमवार को अंबाला रोड स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, युवाओं को रोजगार न मिलने और जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार के रवैये पर सवाल खड़े किए। इमरान मसूद ने कहा कि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है और महंगाई लगातार लोगों पर बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा और सरकार लंबे समय से बेरोजगारी के आंकड़े सार्वजनिक नहीं कर रही है। उनका कहना था कि गरीब और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार जनप्रतिनिधियों पर एफआईआर दर्ज कर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे। साथ ही स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उनके परिवार का कोई सदस्य चुनाव नहीं लड़ेगा।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने उन्हें समर्थन दिया था और अब कार्यकर्ताओं के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का समय है। पेपर लीक के मुद्दे पर सांसद ने आरोप लगाया कि युवाओं को नौकरी से दूर रखने के कारण भर्ती प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं और लगातार परीक्षा पत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। विदेश नीति और आर्थिक मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अपने पुराने सहयोगी देशों से दूरी बनाई है, जिसका आर्थिक असर जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने पेट्रोलियम कीमतों को लेकर भी सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी समाज और धर्मों के साथ खड़ी रहने वाली पार्टी है और किसी भी वर्ग के साथ अन्याय होने पर उसका विरोध करेगी। वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, पूर्व मंत्री सरफराज खान, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र तनेजा, पूर्व चेयरमैन चैधरी इरशाद सहित अन्य पदाधिकारीर उपस्थित रहे।
