“हर चीज का इवेंट बना देते हैं…”, स्मित मच्छार को लेकर BJP पर भड़के इमरान मसूद

“हर चीज का इवेंट बना देते हैं…”, स्मित मच्छार को लेकर BJP पर भड़के इमरान मसूद

कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छार ने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में सवार लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई. हालांकि, इसी के साथ उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर इस घटना को राजनीतिक इवेंट में बदलने का आरोप भी लगाया.

इमरान मसूद ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस तरह मुश्किल हालात में अपनी जिम्मेदारी निभाई, वह काबिल-ए-तारीफ है. उन्होंने कहा, “कैप्टन स्मित मच्छार ने अपनी जान बचाई और लोगों की जान भी बचाई. उसकी बहादुरी को सलाम है.”

‘हर चीज को बीजेपी के इवेंट से जोड़ देते हैं’

इमरान मसूद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हर घटना को राजनीतिक आयोजन के तौर पर पेश करना सही नहीं है. उन्होंने कहा, “अब वो कोई ऐसा थोड़ी है कि बीजेपी ने इवेंट बना दिया है. हर चीज को बीजेपी के इवेंट के साथ जोड़ देते हैं.”

उन्होंने आगे कहा, “अरे भाई, वो बच गया बेचारा. बस अल्लाह से दुआ करो कि वो बचा रहे और खुश रहे. बात खत्म. यह कौन-सी बात हो गई कि हर चीज को आप इवेंट बनाकर पेश करोगे?”

क्या हुआ था फ्लाईदुबई की फ्लाइट में?

जानकारी के मुताबिक, फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में सह-पायलट ने कथित तौर पर कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया था. इस हमले में पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बावजूद उन्होंने मुश्किल हालात में विमान को संभालने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भूमिका निभाई.

बताया गया कि विमान में 170 से ज्यादा लोग सवार थे. घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ दिया गया. इस पूरे घटनाक्रम के बाद कैप्टन मच्छार की बहादुरी और सूझबूझ की चर्चा हो रही है. इसी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान मसूद ने उनकी बहादुरी को सलाम किया और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की.

Leave a Reply