सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारें, योजनाओं का पात्रों को शत-प्रतिशत लाभ दिलाएं: मंडलायुक्त
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों, कर-करेत्तर एवं राजस्व, चकबंदी तथा कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआईजी अभिषेक सिंह सहित सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न विभागों की रैंकिंग में अपेक्षित प्रदर्शन न होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग विकास कार्यों में अपनी रैंकिंग को उच्चतम श्रेणी में लाने के लिए गंभीरता से प्रयास करें तथा ए श्रेणी वाले विभाग अपनी स्थिति बरकरार रखें। मंडलायुक्त ने वृक्षारोपण अभियान के तहत लगाए गए पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग शीघ्र कराने तथा पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाने के निर्देश दिए। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा के निष्प्रयोज्य शिक्षण भवनों को एक सप्ताह के भीतर ध्वस्त कराने को कहा। मिशन सेफ फ्यूचर के तहत स्कूली वाहन चालकों का शत-प्रतिशत चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग कराने और उनके साथ संवाद स्थापित कर सकारात्मक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
सरकारी एवं अर्धसरकारी भवनों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश देते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि पिछड़े विकासखंडों में जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाया जाए। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत एंटीलार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान तेज करने को कहा। आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि को भी प्राथमिकता दी जाए। बेहतर फीडबैक नहीं मिलने पर अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर जांच करें। राजस्व कार्यों की समीक्षा में मंडलायुक्त ने तीन से पांच वर्ष पुराने राजस्व वादों का शीघ्र निस्तारण कराने तथा चारागाह की भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में कोई भी प्रकरण लंबित न रखने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने बारावफात, रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों को देखते हुए अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा।
सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं झूठी खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। रक्षाबंधन के अवसर पर अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाने और चालकों का सत्यापन कराने को भी कहा, ताकि महिलाओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। डीआईजी अभिषेक सिंह ने बारावफात के मद्देनजर उपजिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। रक्षाबंधन के दृष्टिगत चोरी करने वाले गिरोहों पर कड़ी निगरानी रखने तथा त्योहारों के दौरान बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चैहान, जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा, जिलाधिकारी शामली आलोक कुमार, मुख्य विकास अधिकारी सहारनपुर सुमित राजेश महाजन सहित मंडल एवं तीनों जनपदों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
