यूपी-MP और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट; दिल्ली में भी बारिश के आसार
New Delhi : देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और आसपास के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट के तहत लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 अगस्त को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 20 से 22 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में 20 से 22 अगस्त के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। IMD के अनुसार 20 अगस्त को बिहार में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो सकती हैं, जबकि 21 से 23 अगस्त के बीच कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
वहीं, दिल्ली-NCR में भी मौसम करवट ले रहा है। राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने की संभावना है। नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है। लगातार बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।
