‘मैं कोशिश करूंगा कि रिश्ते से खटास खत्म हो’, AAP से नाराजगी के बीच राघव चड्ढा ने किसके लिए कही ये बात?

‘मैं कोशिश करूंगा कि रिश्ते से खटास खत्म हो’, AAP से नाराजगी के बीच राघव चड्ढा ने किसके लिए कही ये बात?
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा

राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की तरफ से उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. इन सबके बीच उनका एक बयान चर्चाओं में है जिसमें वह शुक्रवार को हरिवंश नारायण सिंह को उच्च सदन के उपसभापति के रूप में उनके तीसरे कार्यकाल की शुरुआत पर बधाई दी. साथ ही उनके साथ अपने रिश्तों पर भी बयान दिया.

राघव चड्ढा ने कहा, “आम आदमी पार्टी के हाल ही में हटाए गए उपनेता के रूप में, मुझे बोलने का अवसर देने के लिए धन्यवाद, और मैं हरिवंश जी को राज्यसभा के उपसभापति के रूप में उनके तीसरे कार्यकाल की शुरुआत पर बधाई देता हूं.” उन्होंने आगे कहा, “उनके पिछले कार्यकाल में, हरिवंश जी के साथ मेरा व्यक्तिगत संबंध खट्टा-मीठा था, लेकिन मुझे उम्मीद है और मैं कोशिश करूंगा कि इस नए कार्यकाल में यह केवल ‘मीठा-मीठा’ हो और रिश्ते से खटास खत्म हो.”

‘विषय से भटक जाते हैं तो खाते हैं डांट’

आप सांसद ने कहा कि कभी-कभी जब हम विषय से भटक जाते थे और राज्यसभा अध्यक्ष से डांट खाते थे, तो संबंध खराब हो जाते थे, और जब हम अपने बयानों और चर्चा के मुद्दे पर केंद्रित रहते थे, तो संबंध मधुर हो जाते थे.

चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि हरिवंश जी का व्यापक अनुभव सदन के कामकाज को बहुत लाभ पहुंचाएगा और इसकी गरिमा, मर्यादा और लोकतांत्रिक परंपराओं को बनाए रखने में मदद करेगा.” चड्ढा ने कहा कि मैं पूरे सदन की ओर से हरिवंश जी का स्वागत करता हूं और उन्हें राज्यसभा का उपसभापति बनने पर बधाई देता हूं.

बयान की हो रही चर्चा

उनका बयान ऐसे समय में आया है जब आम आदमी पार्टी से उनकी कथित दूरी की चर्चाए हैं. और पार्टी उनपर आरोप लगा रही है कि उन्होंने अपने मुद्दों के जरिए बीजेपी नीत केंद्र सरकार को नहीं घेरा.


Leave a Reply