‘जनता के गुस्से का मीटर…’, अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर लगाया बिजली की ठगी का आरोप

‘जनता के गुस्से का मीटर…’, अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर लगाया बिजली की ठगी का आरोप

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बिजली बिल और मीटर रीडिंग को लेकर योगी सरकार को घेरा है. उन्होंने आरोप लगाया कि ज्यादा मीटर रीडिंग आने और बिजली का खर्चा बेतहाशा बढ़ने का असली कारण BJP का भ्रष्टाचार है. उन्होंने दावा किया बीजेपी के बिजली मीटर भी, ईवीएम मशीन की तरह हेराफेरी करते हैं. इसके साथ ही उन्होंने महंगाई और एलपीजी सिलेंडर का मुद्दा भी उठाया है.

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”स्मार्ट मीटर के नाम पर चल रही बिजली की ठगी के खिलाफ उत्तर प्रदेश की जनता के गुस्से का मीटर हाई है क्योंकि उसे पता चल गया है कि बेवजह जरूरत से ज्यादा मीटर रीडिंग आने और बिजली का खर्चा बेतहाशा बढ़ने का असली कारण बीजेपी का भ्रष्टाचार है.”

‘भाजपाई ठेके देने से पहले ही एडवांस कमीशन वसूल करते हैं’

उन्होंने आगे कहा, ”जनता समझ गयी है कि भाजपाई ठेके देने से पहले ही मीटर-बिजली कंपनी से एडंवास कमीशन वसूल लेते हैं, जिसकी वसूली बिजली कंपनिया मीटरों को पहले से तेज दौड़ने के लिए सेट करके करती हैं.”

जनता के गुस्से के करंट से दूर ही रहें बीजेपी के लोग- अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने आगे लिखा, ”बीजेपी के बिजली मीटर भी, ईवीएम मशीन की तरह हेराफेरी करते हैं. भाजपाई जनता के गुस्से के करंट से दूर ही रहें. महंगे सिलेंडर और महंगी बिजली के बिल ही भाजपा का कनेक्श सत्ता से काट देंगे. बिजली उपभोक्ता कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा.”

अत्याचारी बीजेपी से हम सवाल पूछेंगे- अखिलेश यादव

सपा अध्यक्ष ने एक दूसरे पोस्ट में सरकार को घेरते हुए लिखा, ”बीजेपी की सरकार जब-जब किसी की रोज़ी-रोटी छीनेगी, हम तब-तब उसकी मदद के लिए अपनी सामर्थ्य से भी अधिक हाथ बढ़ाएंगे. हम वर्चस्ववादी बीजेपी की क्रूरता का जवाब, पीडीए की एकता से देंगे और अत्याचारी भाजपा से पूछेंगे ‘5 बड़ा या 95?’अब पीडीए साथ-साथ बढ़ेगा, पीडीए ही पीडीए की ताक़त बनेगा.”


Leave a Reply