शिवभक्तों की सेवा को समर्पित आई लव महादेव कांवड़ शिविर शुरू, आधुनिक सुविधाओं के साथ मिलेगा आत्मीय स्वागत

शिवभक्तों की सेवा को समर्पित आई लव महादेव कांवड़ शिविर शुरू, आधुनिक सुविधाओं के साथ मिलेगा आत्मीय स्वागत
सहारनपुर में कांवड़ सेवा शिविर का शुभारम्भ करती सुश्री सुदीक्षा देवी।

सहारनपुर। श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सेवा और सुविधा को समर्पित श्री शिव ओम सेवा समिति के तत्वावधान में संचालित आई लव महादेव कांवड़ सेवा शिविर का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। धार्मिक वातावरण और श्रद्धा के बीच आयोजित कार्यक्रम में सुदीक्षा माताजी ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया तथा भगवान शिव का पूजन-अर्चन कर सेवा अभियान का शुभारंभ कराया। इसके बाद उन्होंने शिविर में पहुंचे कांवड़ यात्रियों को अपने हाथों से भंडारे का प्रसाद वितरित कर सेवा का संदेश दिया।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाओं, समाजसेवियों और समिति के सदस्यों की उपस्थिति रही। समिति की ओर से बताया गया कि यह सेवा शिविर 3 अगस्त से 11 अगस्त तक लगातार संचालित रहेगा। शिविर में प्रतिदिन हजारों कांवड़ यात्रियों को भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। समिति का उद्देश्य केवल भंडारा चलाना नहीं, बल्कि लंबी पदयात्रा कर आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है। ठहरने के लिए व्यवस्थित विश्राम स्थल, स्नान की सुविधा, शुद्ध पेयजल, पौष्टिक भोजन तथा सामान सुरक्षित रखने के लिए लॉकर उपलब्ध कराए गए हैं। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग विश्राम एवं आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। शिविर का प्रमुख आकर्षण अत्याधुनिक फुट मसाज मशीन है, जिसके माध्यम से लंबी दूरी तय कर आने वाले कांवड़िये अपने पैरों की थकान दूर कर राहत महसूस कर सकेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी गई है। पूरे शिविर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्वयंसेवकों की अलग-अलग टीमें भोजन वितरण, चिकित्सा सहायता, साफ-सफाई, विश्राम व्यवस्था और श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी निभा रही हैं, ताकि किसी भी कांवड़िये को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर के प्रधान दीपक सचदेवा ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की आराधना के समान है। उन्होंने बताया कि समिति कई वर्षों से निस्वार्थ भाव से सेवा कार्य करती आ रही है और हर वर्ष श्रद्धालुओं की जरूरतों के अनुसार सुविधाओं का विस्तार किया जाता है। उन्होंने समाज के लोगों से भी इस सेवा अभियान में सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और मानवता का सबसे बड़ा उत्सव है। उद्घाटन अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष मनी वर्मा, हन्नी वर्मा, साहिल कक्कड़, गौतम सचदेवा, भरत गोगिया, सचिन, सौरभ, विजय, राहुल, राजन, आदित्य, विशु, स्नेहिल, राजा, राहुल भाटिया, सार्थक, राधा, अर्पित, दुर्गेश, भारती, अनुराग, प्रियम, शुभम तथा मीडिया प्रभारी अर्पित मिड्ढा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।