‘3 इडियट्स’ विवाद पर कांग्रेस की आमिर खान को नसीहत, हुसैन दलवई बोले- कलाकार को कभी डरना नहीं चाहिए
नई दिल्ली। अभिनेता आमिर खान के उस बयान पर सियासत तेज हो गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ का किरदार सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था। आमिर के इस बयान के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद हुसैन दलवई ने उन्हें खुलकर अपनी राय रखने की सलाह दी है।
हुसैन दलवई ने कहा कि आमिर खान ने फिल्म में बेहतरीन अभिनय किया था, लेकिन उन्हें सोनम वांगचुक का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा, “आमिर खान उनका समर्थन क्यों नहीं कर रहे, यह मुझे नहीं मालूम। नसीरुद्दीन शाह की तरह आमिर खान को भी बेबाकी दिखानी चाहिए। कलाकार को कभी डरना नहीं चाहिए।”
आमिर खान ने क्या कहा?
आमिर खान ने स्पष्ट किया कि ‘3 इडियट्स’ के निर्माण के समय उन्हें, निर्देशक राजकुमार हिरानी और फिल्म के लेखक अभिजात जोशी को सोनम वांगचुक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि फिल्म का किरदार वांगचुक पर आधारित होने की धारणा गलत है।
आमिर ने कहा, “जब हम ‘3 इडियट्स’ बना रहे थे, उस समय मुझे सोनम वांगचुक के बारे में पता नहीं था। न राजकुमार हिरानी, न लेखक अभिजात जोशी और न ही मुझे उनके बारे में जानकारी थी।”
हालांकि, उन्होंने सोनम वांगचुक के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की। आमिर ने कहा कि सभी लोग उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और उम्मीद करते हैं कि वे अपना स्वास्थ्य प्राथमिकता देते हुए भूख हड़ताल खत्म करेंगे।
सोनम वांगचुक का अनशन जारी
उधर, जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक ने कहा है कि वह “किसी भी कीमत पर 20 जुलाई तक जीवित रहेंगे।” उनका अनशन 20वें दिन में प्रवेश कर चुका है। डॉक्टरों ने लंबे समय तक उपवास के कारण उनकी सेहत को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इसी दौरान जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का विरोध प्रदर्शन भी 28वें दिन में पहुंच गया है।
