राज्यसभा में अमित शाह पेश करेंगे ‘वंदे मातरम्’ सम्मान विधेयक, अपमान या गायन में बाधा डालने पर सख्त सजा का प्रावधान
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में केंद्र सरकार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ को लेकर एक महत्वपूर्ण विधेयक पेश करने जा रही है। 20 जुलाई से शुरू हो रहे मानसून सत्र के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सबसे पहले राज्यसभा में ‘वंदे मातरम् सम्मान विधेयक’ पेश करेंगे।
प्रस्तावित विधेयक में ‘वंदे मातरम्’ का अपमान करने या उसके गायन में बाधा डालने को दंडनीय अपराध बनाने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत यदि कोई व्यक्ति राष्ट्रीय गीत का अपमान करता है या उसके सम्मान में व्यवधान उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।
विधेयक का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत को वही गरिमा और सम्मान सुनिश्चित करना है, जो वर्तमान में राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ को प्राप्त है। सरकार का मानना है कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर स्पष्ट कानूनी व्यवस्था आवश्यक है, ताकि उनके प्रति अनादर की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस विधेयक पर संसद के मानसून सत्र के दौरान चर्चा होने की संभावना है। यदि इसे दोनों सदनों से मंजूरी मिल जाती है, तो ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान और संरक्षण के लिए एक स्पष्ट कानूनी ढांचा लागू हो जाएगा।
