हाईवे फायरिंग कांड का खुलासा, हत्या के प्रयास में वांछित तीन आरोपी गिरफ्तार

  • छह जिंदा कारतूस, दो खोखे और डंडे बरामद, फायरिंग में प्रयुक्त हथियार का नहीं लगा सुराग

देवबंद। स्टेट हाईवे स्थित जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज के निकट हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। हत्या के प्रयास के मामले में वांछित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से छह जिंदा कारतूस व दो खोखा बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

जांच अधिकारी संदीप अधाना ने बताया कि दो जुलाई को खेड़ी आसा निवासी विशाल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि अनवरपुर माजरा निवासी नीशू, पन्नू उर्फ विशेष, बहादरपुर गांव निवासी विशु उर्फ रिशु आदि ने स्टेट हाईवे स्थित जामिया तिब्बिया मेडिकल कॉलेज पर उन पर फायरिंग की थी। इसमें उस सहित दो लोग छर्रे लगने से घायल हो गए थे। शनिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छह जिंदा कारतूस, दो खोखे और तीन डंडे बरामद हुए हैं। हालांकि पुलिस घटना में इस्तेमाल तमंचे बरामद नहीं कर सकी। बता दें, कि दोनों पक्षों के बीच प्रेम प्रसंग के मामले को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। जिसके चलते उनके बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी है।