Hathras Case: राहुल गांधी दिल्ली से कुछ देर में निकलेंगे, नोएडा पुलिस का दावा- नहीं घुसने देंगे यूपी की सीमा में

Hathras Case: राहुल गांधी दिल्ली से कुछ देर में निकलेंगे, नोएडा पुलिस का दावा- नहीं घुसने देंगे यूपी की सीमा में

नई दिल्ली/नोएडा। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथाकथित दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए दिल्ली से निकल चुके हैं, वहीं नोएडा पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश की सीमा में नहीं घुसने दिया जाएगा। इसके तहत डीएनडी पर ही नोएडा में प्रवेश करने से रोक दिया जाएगा।

कांग्रेस नेता केसी वेणु गोपाल ने शनिवार सुबह ट्वीट कर जानकारी दी थी कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार हाथरस जाएंगे। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर 1:30 बजे उनका काफिला नोएडा डीएनडी पहुंचेगा। इसके बाद यमुना एक्सप्रेस-वे होते हुए हाथरस जाएगा।

वहीं, बृहस्पतिवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी हाथरस जाने के लिए दिल्ली से रवाना हुए थे। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी थे। दिल्ली से निकलने के बाद उनके काफिले ने डीएनडी तो पार कर लिया, लेकिन यमुना एक्सप्रेसवे पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद दोनों नेता पैदल ही हाथरस के लिए चल पड़े, जिसके बाद राहुल गांधी की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद पुलिस ने राहुल और प्रियंका को जीप में बैठाकर F-1 गेस्टहाउस ले आई। इसके बाद राहुल गांधी को आईपीसी की धारा 188 के तहत गिरफ्तार किया गया। हालांकि, वह दिल्ली लौट आए। इस पूरे मामले में ग्रेटर नोएडा पुलिस ने कुल राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत 154 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह अलग बात है कि इस FIR में कई गलतियां हैं। मसलन रॉबर्ट वाड्रा को प्रियंका गांधी का पति बताया गया है। इसी के साथ श्रीमती प्रियंका गांधी के स्थान पर श्रीमति लिखा गया है।

यहां पर बता दें कि तथाकथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की शिकार हाथरस की युवती की 29 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई थी। इसके बाद से इस पर सियासी बवाल जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार शाम को दिल्ली के जंतर मंतर पर जमकर प्रदर्शन हुआ, जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत अन्य कई दिग्गज नेता भी शामिल हुए। इस दौरान टीएमसी के राज्यसभा सदस्य गिर भी गए।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे