चंडीगढ़। Haryana Assembly Budget Session: हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही जारी है। उपमुख्‍यमंत्री दुष्‍यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा और उत्‍तर प्रदेश बीच सीमा विवाद जल्‍द समाप्‍त हाेगा। हरियाणा सरकार पांच राज्यों से लगती सीमा पर सर्वे आफ इंडिया की रिपोर्ट के आधार पर स्टेट बाउंडरी तय करेगी। इससे यूपी-हरियाणा सीमा पर जमीन विवाद भी खत्म हो सकेगा।

इससे पहले सुबह 10 बजे हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई। सदन में राज्‍य के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने बताया कि खरखौदा आइएमटी का कार्य तेजी से जारी है। इसमें मारुति कंपनी 800 एकड़ जमीन के लिए आवदेन किया है। इसके साथ ही सुजुकी मोटरसाइकिल कंपनी ने अपना प्लांट लगाने के लिए 100 एकड़ जमीन के लिए हरियाणा सरकार से आवेदन दिया है।  इस प्रपोजल को तकनीकी कमेटी अंतिम रूप रूप दे रही है।

दुष्‍यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार  पिछले दो साल से खरखौदा आइएमटी खरखौदा को विकसित करने के कार्य में जुटी हुई है। राज्‍य सरकार ने इसके लिए  237 करोड़ रुपये से सीवरेज, स्‍ट्रीट लाईट एवं सड़क के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू की  है। इस आइएमटी सेक्टर से जोड़ने वाली एक सड़क का 37 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। उन्‍होंंने बताया कि  वर्ष 2023 में आइएमटी खरखौदा विकसित हो जाएगा।

बता दें कि हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र का आज तीसरा दिन है। सदन की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही प्रश्‍नकाल हुआ। इसमें विधायकों ने अपने प्रश्‍न पूछे और मंत्रियों की ओर से इसके जवाब दिए गए।  इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा शुुरू हुई। आज सदन में साल 2021-22 के लिए अनुपूरक अनुमान सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। सदन में कुछ विधेयक पेश किए जाएंंगे। सदन में आज जबरन मतांतरण पर रोक लगाने के लिए विधेयक सदन में पेश किया जाएगा। इसके साथ ही सदन में कुछ अन्‍य विधेयक भी पेश किए जाएंगे। सदन में कल की तरह आज भी विपक्ष और सत्‍तापक्ष के बीच टकराव की संभावना है।