70वीं प्रदेशीय विद्यालयी कुराश, भारोत्तोलन एवं जूडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

70वीं प्रदेशीय विद्यालयी कुराश, भारोत्तोलन एवं जूडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
सहारनपुर के राजकीय सेवादल स्टेडियम में प्रदेशीय विद्यालयी कुराश प्रतियोगिता का शुभारंभ करते अतिथिगण।

राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन का आह्वान

सहारनपुर। 70वीं प्रदेशीय विद्यालयी कुराश, भारोत्तोलन एवं जूडो प्रतियोगिता (बालक-बालिका) सत्र 2026-27 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। चकरोता रोड स्थित राजकीय सेवादल स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। पांच दिवसीय प्रतियोगिता 19 से 23 सितंबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए बालक-बालिका खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विधायक राजीव गुम्बर और महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वस्ति वाचन के साथ किया। इस अवसर पर संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु कुमार सुमन ने मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह का पुष्पगुच्छ एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया। जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव और जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय हर्षदेव स्वामी ने विशिष्ट अतिथि राजीव गुम्बर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और अन्य गणमान्य अतिथियों का भी अभिनंदन किया गया।

खेल से विकसित होते हैं अनुशासन और आत्मविश्वास

उद्घाटन अवसर पर राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विधायक राजीव गुम्बर और महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना भी विकसित करते हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने और पूरी मेहनत के साथ अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान करती हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। दिगंबर जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद इंडियन मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

हिंदू कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शिव तांडव की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, जबकि के.सी.सी.पी. गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

पहले मुकाबले में प्रयागराज की सन्नो विजेता

प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ के अवसर पर 14 वर्ष आयु वर्ग के -24 किलोग्राम भार वर्ग में कुराश का मुकाबला कराया गया। उद्घाटन मुकाबले में सहारनपुर की साधना और प्रयागराज की सन्नो आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले के बाद प्रयागराज की सन्नो को विजेता घोषित किया गया। मुकाबले के दौरान स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

पांच दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए बालक-बालिका खिलाड़ी कुराश, भारोत्तोलन और जूडो की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

अतिथियों को पौधे भेंट कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु कुमार सुमन ने प्रतियोगिता की पांच दिवसीय रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान गणमान्य अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भेंट किए गए।

उद्घाटन समारोह में खेल प्रतिभाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साह का सुंदर समन्वय देखने को मिला। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में भी खासा उत्साह नजर आया।

 

Leave a Reply