1008 बेलपत्रों से हुआ औघड़ दानी नर्मदेश्वर महादेव का भव्य श्रृंगार
सहारनपुर। राधा विहार स्थित औघड़ दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर भगवान शिव का 1008 बेलपत्रों से भव्य श्रृंगार किया गया। श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित श्रावण मास पूजा के अंतर्गत श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान महादेव की पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत महादेव को भोग अर्पित कर आरती की गई।
इस अवसर पर स्वामी कालेंद्रानंद जी महाराज ने कहा कि श्रावण मास में भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होकर अपने भक्तों पर कृपा बरसाते हैं। भगवान शिव को बेलपत्र अर्पित करने का विशेष महत्व है। बेलपत्र को तीन गुणों का प्रतीक तथा भगवान शिव के त्रिनेत्र का स्वरूप भी माना गया है। महादेव पर बेलपत्र अर्पित करने से मनुष्य के कर्मों का संतुलन बना रहता है और उसकी मनोवृत्ति भगवान की भक्ति में लगी रहती है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से भगवान शिव की आराधना करने से जीवन के कष्टों का नाश होता है। शिव की उपासना मनुष्य के भीतर के विकारों को दूर कर उसे सुख, शांति एवं समृद्धि की ओर ले जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रावण मास में नियमित रूप से शिव आराधना करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रमेश शर्मा, अश्विनी कंबोज, मनीष गुप्ता, मनीष गोयल, सुनीता, शैलेश, आदेश, कविता, बबीता, गीत, रेखा, पूनम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
